चंडीगढ़ , फरवरी 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत कबीर कुटीर निवास स्थान पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों (सीएमजीजीए) के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिलों में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, ड्रेनों की सफाई, शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने और प्रशासनिक क्षमता में सुधार पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. यशपाल भी मौजूद रहे। सुशासन सहयोगियों ने जिलों में जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने कचरा पृथक्करण, नालों की सफाई, सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने, मैनपावर की कमी और जागरूकता बढ़ाने जैसे मुद्दे उठाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े निगम आयुक्तों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने नालों और सीवर लाइनों की नियमित सफाई, अवरोधों को तुरंत दूर करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया। सीवरेज संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए निगम आयुक्तों को नोडल अधिकारी की भूमिका निभाने और जनस्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत पोर्टल या जनता से प्राप्त हर शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्वच्छता मानकों में औसत प्रदर्शन वाले जिलों के अधिकारियों से वन-टू-वन संवाद कर सुधार के ठोस कदम उठाने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित