रांची, दिसंबर 30 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ट्रिपल आईटी, रांची में आदिवासी समुदाय से चयनित सबसे कम उम्र की पीएचडी अभ्यर्थी सविता कच्छप ने मुलाकात की।
मौके पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने उन्हें अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने सुश्री सविता कच्छप को पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने के लिए राज्य सरकार की ओर से 2 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजन को सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष सुश्री सविता कच्छप ने कहा कि वे डूंगरी टोली, अरगोड़ा रांची की निवासी हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर पर रह कर पढ़ाई कर रही हैं।
मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि वे आदिवासी समुदाय में सबसे कम उम्र (24 वर्ष) की अभ्यर्थी हैं जिनका ट्रिपल आईटी, रांची में पीएचडी के लिए इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कोर्स में चयन हुआ है। वे टेक्निकल फील्ड में पहला ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर भी हैं तथा आईईईई में अंतराष्ट्रीय नॉवेल्टी रिसर्च वर्क प्रेजेंट कर चुकी हैं।
मौके पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने सुश्री सविता कच्छप की हौसला अफजाई करते हुए उनसे कहा कि वे आगे अपनी पढ़ाई और शोध कार्य जारी रखें, राज्य सरकार हरसंभव उन्हें मदद करेगी। मौके पर सुश्री सविता कच्छप के परिजन एवं अन्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित