देहरादून , दिसंबर 08 -- उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात भीषण अग्निकांड में उत्तराखंड के पांच युवकों की मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने सोमवार को एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए गोवा के क्लब में हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गोवा में दुखद हादसा घटित हुआ है और इसमें उत्तराखंड के परिवार जनों को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने अग्निकांड में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

श्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को भगवान शक्ति प्रदान करे, जिनको असमय दुख का सामना करना पड़ा है। ईश्वर उन सभी को अपनी शक्ति दे, एवं दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

बीते शनिवार की रात गोवा के क्लब में हुए भीषण अग्निकांड में 25 लोग जिंदा जल गए थे, मृतकों में पर्यटक और क्लब कर्मचारी शामिल हैं। अग्नि कांड में उत्तराखंड के पांच लोगों की मौत हुई है। यह सभी क्लब के कर्मचारी थे। जिसमें उत्तराखंड के रहने वाले सुरेंद्र सिंह, सतीश सिंह, जितेंद्र सिंह, सुमित नेगी और मनीष सिंह शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित