भोपाल , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अल्बानिया के तिराना शहर में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज़ में हिस्सा लेने गई प्रदेश की बेटी सुश्री प्रियांशी प्रजापत की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए उच्च स्तरीय प्रयास किए, जिसके फलस्वरूप खिलाड़ी बिटिया सकुशल भारत लौट आई हैं। मुख्यमंत्री ने प्रियांशी को उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन निवासी प्रियांशी के परिजनों से वीडियो कॉल के माध्यम से चर्चा की। प्रियांशी के पिता श्री प्रजापत ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। गत 24 से 28 फरवरी तक अल्बानिया में आयोजित प्रतियोगिता में प्रियांशी ने 26 फरवरी को अपना मुकाबला जीतते हुए कज़ाकिस्तान, अमेरिका और अल्बानिया की पहलवानों को पराजित कर शानदार प्रदर्शन किया। इससे पूर्व उन्होंने एशियन सीरीज़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया था।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मध्य पूर्व एशिया में बढ़ते युद्ध तनाव के कारण प्रियांशी और उनके साथ गए खिलाड़ी वहां फंस गए थे। इस कठिन समय में मुख्यमंत्री ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए। जब वे मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष थे, तब भी उन्होंने प्रियांशी को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित