भोपाल , जनवरी 29 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंदसौर में भगवान श्री पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण किया। प्रथम चरण में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणित इस लोक का उद्घाटन श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर के रूप में हुआ।

लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में पूर्व एवं वर्तमान स्थिति को दर्शाती चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पालकी में विराजित रजत प्रतिमा के रूप में भगवान पशुपतिनाथ की विधिपूर्वक पूजा की और ई-कार्ट में बैठकर पूरे लोक का भ्रमण किया। इस दौरान 22 फीट ऊंचे त्रिनेत्र रुद्राकनी का अनावरण किया गया, जो भगवान शिव के त्रिनेत्र स्वरूप का दिव्य आभास कराता है।

एमफी थियेटर परिसर स्थित यज्ञशाला में मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दी। पशुपतिनाथ लोक को शिवना नदी की बहती जलधारा के समीप और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार प्रवेश द्वार, ओपन एयर थियेटर, प्रतीक्षालय और प्राथमिक चिकित्सा कक्ष की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में शिव-लीलाओं पर आधारित म्यूरल वॉल और पशुपतिनाथ महादेव प्रतिमा के इतिहास पर आधारित पेंटिंग्स श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती हैं।

इसके अतिरिक्त लोक में सत्संग भवन, उद्यान, शिव स्तंभ, म्यूरल वॉल, सेल्फी प्वाइंट और सुव्यवस्थित पाथवे का निर्माण किया गया है, जिससे पूरा परिसर तीर्थनगरी के स्वरूप में विकसित हुआ है।

लोकार्पण समारोह में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर विधायक विपिन जैन, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, पर्यटन सचिव दिलीप कुमार यादव, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित