पटना , मार्च 09 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने सोमवार को कहा है कि बिहार की जनता यह जानना चाहती है कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के महज 100 दिनों के भीतर ही ऐसी कौन- सी स्थिति पैदा हो गई कि उन्हें राज्यसभा जाने की आवश्यकता पड़ रही है।

राजद प्रवक्ता श्री गगन ने कहा है कि यह केवल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का आंतरिक मामला नहीं है, बल्कि बिहार के मुख्यमंत्री से जुड़ा विषय है, क्योंकि आगामी पांच वर्षों तक मुख्यमंत्री बनाये जाने के नाम पर मतदाताओं से वोट मांगे गये थे, इसलिये राज्य की जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर ऐसी कौन- सी परिस्थिति बनी कि मुख्यमंत्री को राज्यसभा जाने का निर्णय लेना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को भी उनकी अभिरुचि के विरुद्ध राजनीति में लाने की चर्चा हो रही है, जिस पर स्पष्टता आवश्यक है। श्री गगन ने उम्मीद जताई कि अपनी प्रस्तावित यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री बदली हुई राजनीतिक स्थिति की सच्चाई बिहार की जनता के सामने रखेंगे।

राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट से किये गये हालिया ट्वीट की भाषा और शैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और यदि पर्दे के पीछे की वास्तविकता छुपाई जाती है तो यह बिहार की जनता के साथ विश्वासघात होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित