भरतपुर , फरवरी 12 -- राजस्थान के पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने आराेप लगाया है कि अलवर में अवैध खनन में लिप्त खनन माफिया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ फोटो खिंचवा कर उनके नाम की आड़ में अवैध खनन कर रहे हैं।

श्री सिंह ने गुरुवार को आरोप लगाते हुए कहा आज सुबह अवैध खनन सामग्री से भरे कई वाहनों को पकड़ने के बाद भी पुलिस की तरफ से कोई अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ फोटो खिंचवाकर एवं उनके नाम की आड़ लेकर भरतपुर के वंशी पहाड़पुर में लोग अवैध लीज, खनन के नाम पर खुलेआम सरकार को चूना लगा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन माफिया मुख्यमंत्री के नाम का सहारा लेकर अधिकारियों एवं पुलिस अफसरों से फायदा उठाकर करोड़ों रुपया अर्जित कर रहे हैं। उनके घरों की तलाशी ली जाए तो अवैध तरीके से अर्जित की गई करोड़ों रुपए की संपत्ति मिलेगी।

श्री सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार ऐसे भ्रष्ट एवं बेईमान लोगों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई करेगी या सिर्फ गरीब और निम्न वर्ग को ही बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इसकी घोर निंदा करते हुए श्री शर्मा से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है जिससे आमजन में सरकार एवं पुलिस प्रशासन का विश्वास बना रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित