झाबुआ , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश में झाबुआ जिले के जनपद पंचायत रामा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 176 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।

समारोह में रामा क्षेत्र के 84 और राणापुर क्षेत्र के 92 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों के साथ उनके परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे समारोह के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और गरीब परिवारों की बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में सहयोग, समानता और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। इस योजना से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग मिलता है और बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न होता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से कई परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित