पटना , फरवरी 03 -- मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण योग्य छात्र- छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और मुख्यमंत्री बालक- बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ देने के लिये आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है।
शिक्षा विभाग ने ऐसे सभी पात्र लाभुकों से अपील की है, जिन्होंने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित तिथि के भीतर मेधासॉफ्ट पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अवश्य करा लें।
शिक्षा विभाग के अनुसार, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल छात्र- छात्राओं को राज्य सरकार इन योजनाओं के तहत प्रोत्साहन राशि प्रदान करती है। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अलग- अलग राशि निर्धारित है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिये प्रेरित करना है।
विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मेधासॉफ्ट पोर्टल 15 अगस्त, 2025 से खुला है और पात्र छात्र- छात्राओं का जिलावार और संस्थानवार विवरण पहले ही अपलोड किया जा चुका है। समीक्षा में यह सामने आया है कि बड़ी संख्या में पात्र लाभुकों ने अब तक पोर्टल पर लॉग-इन कर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं किया है।
इसको देखते हुये शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 15 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले लाभुक योजना के लाभ से वंचित रह जायेंगे। विभाग ने सभी पात्र छात्र- छात्राओं से समय रहते आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित