चेन्नई , अप्रैल 10 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर एक अनूठी पहल करते हुए चेन्नई मेट्रो में सफर कर अपना चुनाव प्रचार किया। सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ श्री स्टालिन ने आम यात्रियों के साथ ट्रेन में यात्रा की और उनके साथ सीधा संवाद कर शासन और सरकारी योजनाओं पर फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री स्टालिन चेन्नई सेंट्रल मेट्रो स्टेशन से डीएमएस मेट्रो स्टेशन तक गए। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर यात्री हैरान रह गए। स्टालिन ने यात्रियों से घुलमिल कर बात की, उनसे हाथ मिलाया और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। अनौपचारिक और सुलभ तरीके से शहरी मतदाताओं तक पहुंचने की इस रणनीति को द्रमुक के जन-केंद्रित अभियान के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।

सफर के दौरान बड़ी संख्या में महिला यात्रियों ने उच्च शिक्षा के लिए मासिक अनुदान योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। यात्रियों ने द्रमुक के उस चुनावी वादे को भी सराहा जिसमें सत्ता में आने पर गृहिणियों को 8,000 रुपये का कूपन देने की बात कही गई है। श्री स्टालिन ने यात्रियों से कहा कि वे सी. एन. अन्नादुरई और एम. करुणानिधि जैसे अपने नेताओं की जनकल्याणकारी योजनाओं को ही आगे बढ़ा रहे हैं।

बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से श्री स्टालिन ने मेट्रो परियोजना के विकास के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने इस परियोजना के लिए वित्तीय सहायता जुटाने हेतु जापान का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि विमको नगर से हवाई अड्डे और चेन्नई सेंट्रल से सेंट थॉमस माउंट तक पहले चरण का लाभ करोड़ों लोग उठा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित