लखनऊ , दिसंबर 14 -- उत्तर प्रदेश में आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला-231 का सफल आयोजन रविवार को किया गया। प्रदेश भर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला-231 में कुल 1,99,360 रोगी लाभान्वित हुए। इनमें 81,839 पुरुष, 85,728 महिलाएं और 31,793 बच्चे शामिल रहे। इसके साथ ही 1,115 गंभीर रोगियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।

मेले के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरणीय साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल, संचारी और गैर-संचारी रोगों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए दवाओं का वितरण किया गया और गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि मेले में 5,356 गोल्डन कार्ड वितरित किए गए, जिससे पात्र परिवार आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार का लाभ ले सकें। इसके अलावा 5,239 चिकित्सकीय परामर्श, 15,642 पैथोलॉजी जांच, 2,401 ओपीडी सेवाएं और 810 एक्स-रे किए गए।

मेले के दौरान 14,458 फीवर केस सामने आए, जिनमें से 1,850 टेस्ट किए गए। इनमें 13 मरीज गंभीर पाए गए। वहीं, 200 कोविड एंटीजन टेस्ट किए गए, जिनमें से कोई भी मरीज कोविड पॉजिटिव नहीं पाया गया।

गौरतलब है कि अब तक आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से कुल 1,42,21,956 रोगी लाभान्वित हो चुके हैं। वहीं, 3,69,514 गंभीर रोगियों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर उपचार के लिए रेफर किया गया है। अब तक 19,84,585 गोल्डन कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। इससे न केवल प्राथमिक स्तर पर रोगों की पहचान और उपचार हो रहा है, बल्कि गंभीर बीमारियों में समय रहते मरीजों को बेहतर संस्थानों तक पहुंचाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित