नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि उनका निधन पश्चिम बंगाल की राजनीति के 'एक युग का अंत' है।

श्री बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर साझा किये गये एक संदेश में श्री रॉय के लंबे सार्वजनिक जीवन और राज्य की राजनीतिक दिशा को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की चर्चा की। उन्होंने कहा, " मुकुल रॉय का निधन बंगाल के राजनीति के एक युग का अंत है। एक अनुभवी नेता के योगदान ने राज्य की सार्वजनिक और राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण दौर को आकार देने में मदद की। "उन्होंने पार्टी के साथ श्री रॉय के शुरुआती जुड़ाव पर रोशनी डालते हुए कहा कि वह अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक स्तंभों में से एक थे और उन्होंने इसके शुरुआती सालों में संगठन को बनाने और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सार्वजनिक जीवन के प्रति उनके समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

श्री रॉय दो दशकों से अधिक समय तक पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक अहम व्यक्ति थे और उन्हें एक कुशल संगठनकर्ता और रणनीतिकार माना जाता था। उन्होंने केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के कार्यकाल के दौरान रेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जहाजरानी राज्य मंत्री के रूप में काम किया। इतने सालों में वह राज्य के बदलते राजनीतिक माहौल में एक प्रभावशाली व्यक्ति बने रहे।

श्री बनर्जी ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त हुए कहा, " मैं उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति सच्ची सहानुभूति जताता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।"गौरतलब है कि सभी पार्टियों के नेताओं ने श्री रॉय के निधन पर दुख जताया है और उनकी संगठनात्मक समझ, राजनीतिक अनुभव और बंगाल के सार्वजनिक जीवन पर लंबे समय तक चलने वाले असर के लिए उन्हें याद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित