मुंबई , फरवरी 15 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को मुलुंड मेट्रो पिलर दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और तीन अन्य के घायल होने के मामले में मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के एक इंजीनियर को तत्काल निलंबित करने की घोषणा की है।
उपमुख्यमंत्री ने रविवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि इंजीनियर सत्यजीत साल्वे को इस मामले में निलंबित कर दिया गया है और एमएमआरडीए ने परियोजना में शामिल ठेकेदार पर पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
श्री शिंदे ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा पहले ही कर दी है और घायलों के चिकित्सा खर्च को एमएमआरडीए उठायेगी। इस त्रासदी पर शोक व्यक्त करते हुए श्री शिंदे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रामधनी यादव की इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के एक गांव के निवासी यादव अपने एक मित्र के साथ मुंबई घूमने आए थे। शिंदे ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार को मेट्रो के एक खंभे का एक हिस्सा गिरने से हादसा हुआ। इस घटना में 46 वर्षीय रामधनी यादव की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस ने शनिवार देर रात इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में परियोजना निदेशक हरीश चौहान, परियोजना प्रबंधक कुलदीप सपकाल, उप परियोजना प्रबंधक सौरभ सिंह, पर्यवेक्षक प्रशांत भोइर और हिल इंटरनेशनल इंक के परियोजना प्रबंधक अवधूत इनामदार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए जाने के बाद, मेट्रो विकास मंत्रालय (एमएमआरडीए) ने रविवार को खंभे के गिरने के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित