लखनऊ , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने महाराष्ट्र में एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित दो अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करों को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।

एसटीएफ के अनुसार, एक दिन पूर्व महाराष्ट्र पुलिस की सूचना पर एसटीएफ लखनऊ ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भावेश चौहान उर्फ लालू (निवासी मूलतः हरदोई) और शोएब अशरफ पठान उर्फ बटला (निवासी नाला सोपारा, मुंबई) के तौर पर हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले 4-5 वर्षों से अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। वे बाजार में उपलब्ध केमिकल्स से ब्राउन शुगर तैयार कर उसे विभिन्न स्थानों खासतौर पर पब, होटल और पार्टियों में सप्लाई करते थे।

आरोपियों ने बताया कि 5 फरवरी को वसई-विरार क्षेत्र में बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद वे मुंबई से फरार हो गए थे और लखनऊ के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। इससे पहले ही एसटीएफ ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित