मुंबई , दिसंबर 15 -- महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने सोमवार को मुंबई नगर निगम सहित 29 स्थानीय निकायों के चुनाव की घोषणा कर दी है।
राज्य चुनाव आयोग ने घोषणा की कि महाराष्ट्र के 29 स्थानों पर मतदान 15 जनवरी को होगा, जबकि मतों की गिनती और नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। इन सभी नगर निगमों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
आयोग ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने की तारीखें 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक हैं और नामांकन पत्रों की जांच 31 दिसंबर को होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि दो जनवरी, 2026 है। चुनाव चिह्नों का आवंटन और उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन तीन जनवरी को किया जाएगा।
आयोग ने यह भी कहा है कि उम्मीदवारों को छह महीने के भीतर जाति वैधता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के लिए एक हलफनामा जमा करना होगा। निर्धारित अवधि के भीतर प्रमाण पत्र जमा करने में विफल रहने पर उनकी वैधता रद्द कर दी जाएगी।
चुनावों के लिए एक जुलाई, 2025 को अधिसूचित मतदाता सूची का उपयोग किया जाएगा, जिसके अनुसार इन निकायों में कुल योग्य मतदाता 3,48,78,017 हैं। चूंकि यह मतदाता सूची निर्वाचन आयोग से प्राप्त की गई है, इसलिए राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि इसे जोड़ने या हटाने का उसके पास कोई अधिकार नहीं है।
आयोग ने बताया कि संभावित 'डुप्लिकेट' मतदाताओं की पहचान कर ली गई है और उनके नामों पर मतदाता सूची में 'डबल स्टार' अंकित किया जाएगा। यह पुष्टि करने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन पहले ही किया जा चुका है कि ऐसे मतदाता किस मतदान केंद्र पर अपना वोट डालेंगे। जिन लोगों ने जवाब दिया है, उन्हें पहचाने गए मतदान केंद्र पर मतदान करने की अनुमति दी जाएगी, जबकि जिन लोगों ने जवाब नहीं दिया है, उन्हें एक हल्फनामा जमा करना होगा।
गौरतलब है कि स्टार प्रचारकों की संख्या 20 से बढ़ाकर 40 कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित