नागपुर , दिसंबर 13 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधान परिषद में बताया कि आवारा कुत्तों ने 2024 में सिर्फ मुंबई में ही 1,28,252 लोगों को काटा।
इससे सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ीं और राज्य के अधिकारियों ने आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी और वैक्सीनेशन जैसे उपायों को तेज किया।
श्री शिंदे ने सर्वश्री सुनील शिंदे, वसंत खंडेलवाल, संदीप जोशी और अन्य के उठाये गये सवालों के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
विधान परिषद सदस्यों ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की सीमा के अंदर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ नागपुर में भी इसी तरह की समस्या पर चिंता व्यक्त की। श्री शिंदे ने इसके बाद सदन को बताया कि 2024 के दौरान महाराष्ट्र की दूसरी राजधानी नागपुर में 9,427 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा।
श्री शिंदे ने बताया कि पशु कल्याण बोर्ड के नियमों के अनुसार ह्यूमन सोसाइटी इंटरनेशनल के माध्यम से बीएमसी द्वारा किये गये एक सर्वेक्षण से पता चला है कि मुंबई में आवारा कुत्तों की आबादी 2014 में 95,172 से घटकर 2024 में 90,757 हो गयी है।
उन्होंने कहा कि नागपुर नगर निगम (एनएमसी) की सीमा में 2024 में 9,427 लोग कुत्तों के काटने से पीड़ित हुए, जबकि मुंबई में ऐसे 1,28,252 मामले दर्ज किये गये।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी, आवारा कुत्तों का वैक्सीनेशन और रेबीज उन्मूलन कार्यक्रमों सहित कई पहलें लागू की जा रही हैं। उन्होंने आवारा कुत्तों से संबंधित नागरिकों की शिकायतों को दूर करने के लिए एक स्वतंत्र ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च करने का भी एलान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित