मुंबई , मार्च 31 -- भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी अश्विनी भिड़े को मंगलवार को मुंबई नगर निगम (बीएमसी) का आयुक्त नियुक्त किया गया। देश के सबसे मजबूत आर्थिक स्थिति वाले इस नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी महिला अधिकारी को इस शीर्ष पद की कमान सौंपी गयी है।
सुश्री भिड़े, भूषण गगरानी का स्थान लेंगी, जिनका कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। यह महत्वपूर्ण निर्णय सोमवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। नागरिक निकाय के इस प्रतिष्ठित पद के लिए संजय मुखर्जी और असीम गुप्ता जैसे कई दिग्गज अधिकारियों के नामों पर भी विचार किया गया, लेकिन सुश्री भिड़े के पास मुंबई की जटिल समस्याओं के समाधान का अनुभव और उनकी तेज गति से काम करने की प्रशासनिक कार्यशैली उनके चयन का मुख्य आधार बनी।
वर्ष 1995 बैच की आईएएस अधिकारी सुश्री भिड़े वर्तमान में मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में तैनात हैं। मुंबई के अवसंरचना क्षेत्र और प्रशासनिक हलकों में उन्हें 'मुंबई की मेट्रो वुमन' के नाम से विशेष पहचान प्राप्त है। उन्हें यह उपाधि मुंबई मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) जैसी बेहद चुनौतीपूर्ण और महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने में निभायी गयी उनकी साहसिक भूमिका के कारण मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित