मुंगेर , जनवरी 25 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास से मुंगेर जिले के तारापुर अनुमंडल अंतर्गत असरगंज प्रखंड के मकवा गांव में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिये यहां 500 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
यहां डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के साथ- साथ अन्य बड़े उद्योग स्थापित किये जायेंगे।
परियोजना के पूरा होने के बाद मुंगेर, बांका समेत आसपास के जिलों के हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना से 300 वर्ष पुराने मुंगेर बंदूक कारखाना को भी नई संजीवनी मिलने की उम्मीद है। यहां रक्षा उपकरणों के एसेसरीज और पार्ट्स के निर्माण से स्थानीय कारीगरों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस संबंध में मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस- वे के रूप में विकसित किया जायेगा, जिसे सुल्तानगंज में निर्माणाधीन हवाई अड्डा और रक्सौल- हल्दिया एलाइनमेंट से जोड़ा जायेगा।
मुंगेर बंदूक विनिर्माण संघ के पदाधिकारियों ने इस पहल के लिये प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताते हुये कहा है कि इससे मुंगेर जिला एक बड़े औद्योगिक हब के रूप में उभरेगा और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित