मुंबई , मार्च 19 -- मुंबई में मीठी नदी से गाद निकालने (डीसिल्टिंग) के लिए निविदा प्रक्रिया में ठेकेदारों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद फिर से समय सीमा बढ़ा दी गयी है।
औद्योगिक और घरेलू अपशिष्टों के कारण प्रदूषित इस नदी से गाद निकालना आगामी मानसून के मौसम के दौरान भीषण बाढ़ को रोकने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पिछले ठेकेदारों द्वारा भुगतान के मुद्दों और फर्जी बिल दावों के घोटाले के आरोपों के कारण काम बीच में ही छोड़ देने के बाद, बृहन्मुंबई नगर निगम ने 28 फरवरी को एक नई निविदा जारी की थी। आवेदन जमा करने की प्रारंभिक समय सीमा 11 मार्च निर्धारित की गई थी, हालांकि इस अवधि के भीतर एक भी ठेकेदार ने प्रतिक्रिया नहीं दी।
नगर निकाय ने फिर समय सीमा बढ़ाकर 17 मार्च कर दी, लेकिन विस्तारित अवधि के दौरान भी कोई बोली प्राप्त नहीं हुई। भागीदारी की इस कमी ने प्रशासन के भीतर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। नतीजतन अधिकारियों को एक बार फिर समय सीमा सात दिनों के लिए बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित