मिर्जापुर , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की पुलिस ने लगभग 55 लाख रुपये मूल्य के अवैध हेरोइन, गांजा, कच्ची देशी शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली देहात पुलिस ने शुक्लहा क्षेत्र में दबिश दी। यहां अवैध कच्ची देशी शराब के निष्कर्षण और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। मौके से बच्चे लाल सोनकर पुत्र स्व. कन्हैया लाल सोनकर निवासी शुक्लहा थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मौके से 12 प्लास्टिक जरीकेन में रखी 600 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब, शराब बनाने के उपकरण, दो गैस चूल्हे, एक इंडेन गैस सिलेंडर, चार स्टील ड्रम नलीयुक्त पाइप सहित, एक लोहे की कड़ाही, दो एल्युमिनियम पात्र, 3.600 किलोग्राम गांजा, 252 ग्राम अवैध हेरोइन तथा मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 30,180 रुपये नकद बरामद किए।

इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी और दिलीप सोनकर निवासी महुवरिया थाना कोतवाली शहर को रमईपट्टी के पास से गिरफ्तार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित