मिर्जापुर , फरवरी 5 -- मिर्जापुर जिले के पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आमघाट ओवरब्रिज के पास सरिया लदा ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे उस पर सवार दो मजदूर युवकों की दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र पाल ने बताया कि कोटवा गांव से एक ट्रैक्टर सरिया लादकर लौट रहा था। ट्रैक्टर पर गांव निवासी संजय (18) और अमन (19) भी सवार थे। बुधवार देर रात आमघाट ओवरब्रिज के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों युवक सरिया के नीचे दब गए।
आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित