मिर्जापुर , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र में कर्णावती नदी के किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की गुमशुदगी दो दिन पहले थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस अधीक्षक विवेक चावला ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे थाना विंध्याचल क्षेत्र के राजकीय आईटीआई गैपुरा के पास कर्णावती नदी के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान राहुल उर्फ छोटू (19) पुत्र ललित प्रजापति निवासी कठवैया कलां, थाना विंध्याचल, मिर्जापुर के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि राहुल के गुम होने के संबंध में 25 अप्रैल को थाना विंध्याचल में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मामला दर्ज कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। श्री चावला ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित