मिर्जापुर , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र में भैंस को नदी से निकालने के प्रयास में एक पशुपालक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यह घटना बहेरा गांव स्थित जरगो नदी की है। बहेरा गांव निवासी राजाराम यादव (60) शनिवार को अपनी भैंस चराने के लिए सिवान में लेकर गए थे। चरते-चरते भैंस जरगो नदी के किनारे पहुंच गई और पानी में उतर गई। भैंस को बाहर निकालने के लिए राजाराम भी नदी में उतर गए, लेकिन पानी उनकी अपेक्षा से अधिक गहरा था। तैरना न आने के कारण वह गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित