मिर्जापुर, दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और बाद में खुद आत्महत्या कर ली। अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि क्षेत्र के सक्तेशगढ़ इलाके में आज सुबह आपसी विवाद में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली। उन्होने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सक्तेशगढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है तथा आरोपी ने खुद भी जान दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच में पाया कि मृतक प्रेमलाल और कंतलाल आपस में पड़ोसी थे और दोनों कई वर्षों से साथ रह रहे थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और अनबन हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि कंतलाल ने धारदार हथियार से प्रेमलाल पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद कंतलाल ने भी आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रेमलाल के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित