मिर्जापुर , फरवरी 2 -- मिर्जापुर जिले में रविवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास की है। पुलिस के अनुसार जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवा गांव निवासी अरविंद यादव अपनी पत्नी सुनीता के साथ बाइक से अहरौरा जा रहे थे। सोनभद्र-वाराणसी राजमार्ग पर हाजीपुर गांव के समीप पीछे से आ रहे एक हाईवा ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनीता सड़क पर गिर गई और ट्रक उसे रौंदते हुए आगे निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अन्य घटना चुनार थाना क्षेत्र के कुशहा मोड़ की है। रविवार शाम लगभग सात बजे कुशहा गांव निवासी धर्मवीर संत रविदास जयंती कार्यक्रम से साथियों के साथ घर लौट रहे थे। सड़क पार करते समय वह एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह जाम खुलवाया और आवागमन बहाल कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित