मिर्जापुर , फरवरी 5 -- मिर्जापुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के पक्का पोखरा मोहल्ला में बुधवार रात शराब के नशे में हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धारदार हथियार से गले पर वार कर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि पंचदेव नोनिया चौहान का मोहल्ले के ही रमेश बेनवंशी धरीकार से विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान रमेश ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पंचदेव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है और पुलिस निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आलाकत्ल की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित