धार , अप्रैल 9 -- धार जिले के सरदारपुर तहसील अंतर्गत ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में मिर्ची व्यापारी की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। गिरफ्तार आरोपी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस को तीन दिन का रिमांड मिला है, जिसमें उनसे पूछताछ की जा रही है।
इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और समाजजनों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने और फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई।
पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल की मध्यरात्रि को राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में देवकृष्ण पुरोहित की हत्या हुई थी। प्रारंभ में पत्नी ने अज्ञात बदमाशों द्वारा डकैती और हत्या की बात कही थी, लेकिन जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला। आरोप है कि पत्नी प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर सुपारी देकर पति की हत्या करवाई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उनके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनमें व्हाट्सएप चैट के जरिए हत्या की साजिश के साक्ष्य मिले हैं। साथ ही महिला की निशानदेही पर घर में रखे आभूषण भी बरामद किए गए, जिन्हें पहले लूटे जाने की बात कही गई थी।
मामले में एक अन्य आरोपी सुरेंद्र सिंह भाटी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं और उस पर इनाम घोषित किया गया है। एसडीएम सलोनी अग्रवाल को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग भी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित