लॉस एंजेलिस , जनवरी 25 -- मेरिका में मिनेसोटा के प्रमुख शहर मिनियापोलिस में शनिवार सुबह संघीय अधिकारियों ने एक स्थानीय नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी।
अधिकारिक सूत्रों ने कहा कि यह घटना शहर में चल रहे ट्रंप प्रशासन के अप्रवासन अभियान के दौरान हुई। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चल रहा विरोध और आक्रोश पहले से ज़्यादा तेज़ हो गया है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान एलेक्स जेफरी प्रेट्टी के रूप में हुई है, जो मिनियापोलिस में रहने वाले थे। जेफरी प्रेट्टी को एक संघीय बॉर्डर पैट्रोल एजेंट ने उस समय गोली मारी जब एक अवैध प्रवासी को हिरासत में लेने के लिए कार्रवाई की जा रही थी।
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) ने घटना के बाद एक बयान में कहा कि श्री प्रेट्टी एक अवैध नागरिक की गिरफ्तारी के दौरान अधिकारियों के सामने नौ मिमी सेमी-ऑटोमैटिक हैंडगन लेकर आए थे। बयान में दावा किया गया कि अधिकारियों ने श्री प्रेट्टी की बंदूक छीनने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने "हिंसक रवैया" अपनाया जिसके बाद एक एजेंट ने आत्मरक्षा में गोली चलायी।
दूसरी ओर, मीडिया रिपोर्टों में चश्मदीद गवाहों के हवाले से कहा गया कि अधिकारियों ने श्री प्रेट्टी को कई गोलियां मारीं, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो फुटेज भी वायरल है, जिसमें देखा जा सकता है कई अधिकारियों ने श्री प्रेट्टी को ज़मीन पर दबा रखा है। एक अधिकारी श्री प्रेट्टी की बंदूक छीनते हैं, जबकि एक अन्य अधिकारी उनके ऊपर कई गोलियां चलाते हुए नज़र आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में देखा जा सकता है कि श्री प्रेट्टी एक फोन पकड़े हुए हैं। इस तस्वीर को साझा कर दावा किया जा रहा है कि श्री प्रेट्टी ने अपनी बंदूक का इस्तेमाल नहीं किया, जिससे अधिकारियों के दावे पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय पुलिस प्रमुख ब्रायन ओ'हारा ने कहा है कि श्री प्रेट्टी के पास अपनी बंदूक का लाइसेंस था। इस बीच, मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ ने इस "भयावह गोलीबारी" की कड़ी निंदा करते हुए व्हाइट हाउस से इस अभियान को समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मिनेसोटा से "हिंसक, अप्रशिक्षित अधिकारियों" को तुरंत हटा दिया जाना चाहिए। उन्हें स्थानीय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित