पटुमवान (थाईलैंड) , जनवरी 29 -- भारत के मिथुन मंजूनाथ ने पुरुष एकल तथा अनमोल खरब ने महिला एकल में थाईलैंड मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बना ली हैं। बुधवार को खेले गये मुकाबले में बैडमिंटन रैंकिंग में 60वें स्थान पर काबिज 27 वर्षीय मिथुन मंजूनाथ ने सुपर 300 टूर्नामेंट में विश्व नंबर 41 डेनमार्क के मैग्नस जोहानसन को 21-12, 9-21, 21-17 से हराया जबकि अनमोल खरब ने हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को हराया।
मिथुन ने पहले गेम में दबदबा बनाए रखा, लेकिन जोहानसन ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। तीसरा गेम बेहद रोमांचक रहा, जिसमें मिथुन 16-17 से पीछे चल रहे थे, लेकिन फिर दोनों खिलाड़ी 17-17 से बराबरी पर आ गए। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने लगातार चार अंक जीतकर अपने से हाई रैंक वाले प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ जीत दर्ज की।
दूसरे दौर में भी मिथुन के सामने कड़ी चुनौती होगी, जहां उनका मुकाबला पेरिस 2024 के कांस्य पदक विजेता मलेशियाई ली जी जिया से होगा।
महिला एकल में भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां रक्षिता रामराज ने थाईलैंड की शीर्ष वरीयता प्राप्त सुपनिडा कटेथोंग को तीन गेम तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह जीत हासिल करने में सफल नहीं हो सकी और 21-18, 13-21, 14-21 से हार गईं।
51वीं रैंकिंग पर काबिज अनमोल खरब ने महिला एकल मुकाबले में विश्व नंबर 66 हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को सीधे गेमों में 21-12, 21-12 से हराया और प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। 33 मिनट तक चले मुकाबले में अनमोल ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और आसानी से जीत हासिल की।
इसके अलावा किरण जॉर्ज ने भी मलेशिया के शोलेह ऐडिल को हराकर 21-15, 21-9 को हराकर राउंड ऑफ 16 में पहुंचे। वहीं मालविका बसोड़ को हमवतन ईशा बरुआ से पहले राउंड में हार का सामना करना पड़ा। ईशा ने मालविका पर सीधे गेमों में 12-21,8-21 से आसान जीत दर्ज की।
एक अन्य भारतीय महिला एकल मुकाबले में, देविका सिहाग ने अश्मिता चालिहा के खिलाफ कड़े मुकाबले में 21-17, 21-16 से जीत हासिल की। श्रीयांशी वलीशेट्टी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए कनाडा की वेन यू झांग को 14-21, 21-13, 21-19 से हराया, जबकि थारुन मन्नेपल्ली ने भी राउंड ऑफ 32 में थाईलैंड के कांताफोन वांगचारोएन को 22-20, 21-17 से मात दी और प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
हालांकि, कई भारतीय खिलाड़ी कड़ी टक्कर के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो गए। आकर्षी कश्यप को जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त हिना अकेची ने 17-21,18-21 से कड़े मुकाबले में हराया।
राजवार्ताएक अन्य मुकाबले में प्रियांशु राजवत को कनाडा के ब्रायन यांग ने 21-15, 13-21, 20-22 से हराकर इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित