एजल , मार्च 25 -- मिजोरम-म्यांमार सीमा के पास वैध दस्तावेजों के बिना म्यांमार में प्रवेश करने की कोशिश करने वाले एक स्लोवाक नागरिक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियाें ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस स्लोवाक नागरिक की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है और वह वर्तमान में सियाहा जिले में पुलिस हिरासत में है। अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम पुलिस केंद्रीय और राज्य खुफिया एजेंसियों की मदद से उससे पूछताछ कर रही है और पूछताछ आगे बढ़ने पर और अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है।

मंगलवार को असम राइफल्स के जवानों ने सियाहा कस्बे से लगभग 60-75 किलोमीटर दूर लाकी गांव में उस व्यक्ति को रोका। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर आगे की जांच के लिए जिला मुख्यालय लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने कथित रूप से अधिकारियों को बताया कि वह म्यांमार में एक पारंपरिक जल उत्सव में भाग लेने के लिए वहां जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि इस दावे की पुष्टि की जा रही है।

यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा हाल ही में दर्ज किए गए एक मामले के बाद मिजोरम में विदेशी नागरिकों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी के बीच हुई है। एजेंसी ने 13 मार्च को विभिन्न हवाई अड्डों से छह यूक्रेनी नागरिकों और एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप था कि वे आवश्यक संरक्षित क्षेत्र परमिट के बिना मिजोरम में प्रवेश कर म्यांमार में घुस गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित