रामनगर , मार्च 05 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में रामनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में डॉ. मानस साह और पवन गुप्ता की जोड़ी ने जीत दर्ज कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
रामनगर के इन खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में रामनगर के खिलाड़ी डॉ. मानस साह और पवन गुप्ता की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने दमदार तालमेल और शानदार रणनीति के साथ मुकाबले खेले और अंततः स्वर्ण पदक हासिल कर रामनगर का नाम रोशन किया।
इस जीत के साथ ही डॉ. मानस साह और पवन गुप्ता की जोड़ी का चयन राष्ट्रीय स्तर की मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हो गया है। यह प्रतियोगिता मार्च महीने में गोवा के मनोहर पर्रिकर इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां देशभर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
अपनी इस उपलब्धि पर दोनों खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी वह इसी तरह मेहनत करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित