झाबुआ , फरवरी 20 -- मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में पिछले दो दिनों से लगातार मावठे की बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है और फसलों को नुकसान पहुंचा है।
भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 फरवरी को झाबुआ और पेटलावद में 3.6 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। वहीं 20 फरवरी को पेटलावद में 20 मि.मी., झाबुआ में 8.2 मि.मी. तथा रामा और रानापुर में 1-1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। मावठे की इस बारिश से जिले में मौसम ने करवट ली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले दो दिनों में दिन और रात के तापमान में कमी आने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। दिन में भी ठंड बनी हुई है, जिसके चलते गर्म कपड़े फिर से निकल आए हैं और रात में अलाव का सहारा लिया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 25 फरवरी तक मौसम इसी प्रकार बना रहने की संभावना है।
पेटलावद और झाबुआ तहसील में बारिश के कारण गेहूं और चना की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर खेतों में गेहूं की फसल आड़ी पड़ गई है। जिला प्रशासन ने कृषि एवं राजस्व विभाग के अमले के साथ फसलों के सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है, ताकि नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित