टोरंटो/वैंकूवर/अमृतसर , फरवरी 28 -- कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की पहली आधिकारिक भारत यात्रा के साथ ही पंजाबी समुदाय और विमानन क्षेत्र में नयी उम्मीदें जगी हैं। अमृतसर के विकास के लिए समर्पित वैश्विक नागरिक समाज अभियान 'फ्लाई अमृतसर इनीशिएटिव' और अमृतसर विकासमंच (एवीएम) ने शनिवार को श्री कार्नी से पुरजोर अपील की है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपनी उच्च स्तरीय वार्ता में अमृतसर के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी के मुद्दे को प्राथमिकता से शामिल करें।

दोनों संगठनों का तर्क है कि टोरंटो और वैंकूवर से श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर के लिए नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू करना भारत-कनाडा के बीच 'लोगों से लोगों के जुड़ाव' को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा। कनाडा में 10 लाख से अधिक पंजाबी मूल केकनाडाई रहते हैं। वर्तमान में उन्हें अमृतसर पहुंचने के लिए दिल्ली में लंबी लेओवर वाली 25 से 35 घंटे की थकाऊ यात्रा करनी पड़ती है।

यह मार्ग प्रवासियों को सीधे श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) से जोड़ेगा, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण आध्यात्मिक स्थलों में से एक है। अंतरराष्ट्रीय छात्रों और व्यापारियों की बढ़ती संख्या के लिए सीधी कनेक्टिविटी अब केवल सुविधा नहीं बल्कि एक आवश्यकता बन गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित