देहरादून , फरवरी 25 -- रायपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमेश काऊ ने देहरादून में हाल ही में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट मामले में उस घटना के लिये माफी मांगी है।
उमेश काऊ ने बुधवार को लैंसडाउन चौक स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में पत्रकारों के सामने सार्वजनिक रूप से प्रारंभिक निदेशक अजय से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यह घटना जाने अनजाने में हुई है और वह सभी शिक्षकों का सम्मान करते हैं।उन्होंने शिक्षकों से अपील की है कि वह अपना धरना खत्म करें ताकि छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में कोई व्यवधान ना आए।
विधायक ने यह भी कहा कि वह केवल निदेशालय में स्कूल प्रकरण को लेकर नाम परिवर्तन करवाने गए थे, लेकिन परिस्थितियां कुछ ऐसी बन गई, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र में एक विद्यालय के लिए 1.5 बीघा जमीन दान करने वाले परिवार के साथ विद्यालय के नामकरण के संबंध में दानदाता स्वर्गीय पदम सिंह थापा के नाम पर करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित