मुरैना , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सुमावली थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने अपने सगे चाचा को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुरैना से ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम पावली निवासी राजू और गंभीर गुर्जर सगे भाई हैं। दोनों के बीच पहले ही बंटवारा हो चुका है और वे अलग-अलग मकानों में रहते हैं। आज सुबह गंभीर गुर्जर के पुत्र रवि गुर्जर का अपने सगे चाचा से मामूली विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर रवि गुर्जर ने अपने चाचा पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपी रवि गुर्जर विशेष सशस्त्र बल की पांचवीं बटालियन मुरैना में पदस्थ है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित