खरगोन , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद में इंदौर से खरगोन जा रही बस में यात्रियों के बीच मामूली विवाद के बाद चित्तौड़गढ़-भुसावल राजमार्ग पर 5 घंटे का चक्का जाम कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने घटनाओं की जांच के आदेश दिए हैं।

मौके पर पहुंची खरगोन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रूहल ने बताया कि कल देर रात इंदौर से खरगोन की ओर जा रही बस धार जिले के खलघाट स्थित एक होटल पर रुकी थी। वहां एक यात्री पर नीचे उतरने के दौरान किसी ने पैर रख दिया। इस पर आपत्ति उठाये जाने पर चार लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।

पीड़ित व्यक्ति ने फोन पर अपने परिचितों को घटनाक्रम बताया और यात्री बस के खरगोन जिले के अरिहंत नगर पहुंचने पर उसे रोक लिया गया। इसके बाद खरगोन जिले के कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स के साथ जाकर बस को थाने ले आये। युवक के साथ मारपीट करने वाले दो लोगों को हिरासत में लेकर धामनोद पुलिस को सौंप दिया गया, शेष दो फरार हो गए। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने गाड़ियों को रोकने की भी कोशिश की।

हिंदू संगठनों ने थाना प्रभारी पर दुर्व्यवहार, लाठीचार्ज करने व दो लोगों के साथ मारपीट का आरोप लगाकर जय स्तंभ चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। मामला बिगड़ते देख खरगोन, कसरावद, मंडलेश्वर, महेश्वर और मेनगांव से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जाना पड़ा।

कसरावद में चक्काजाम के चलते चित्तौड़गढ़-भुसावल राजमार्ग पर दोनों और वाहनों की कतार लग गई। हिंदू संगठन और भारतीय जनता पार्टी के लोग कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन को निलंबित किए जाने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने थाना प्रभारी पर लाठी चार्ज करने व भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के राजपत्रित अधिकारी से मामले की जांच आदेशित किये जाने के बाद करीब 5 घंटे बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।

उधर धामनोद पुलिस ने बस में मारपीट किए जाने को लेकर कसरावद थाना क्षेत्र निवासी युवक रामकुमार वर्मा की शिकायत पर इंदौर निवासी तीन और धामनोद निवासी एक व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर सुल्तान और अरबाज अली को गिरफ्तार कर लिया है। शेष दो की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित