होशियारपुर , अप्रैल 07 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को होशियारपुर में स्वास्थ्यसेवा और बुनियादी ढांचे को बड़ा बढ़ावा देते हुए 268 करोड़ रुपये के मेडिकल कॉलेज और 300 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला रखी। उन्होंने घोषणा की कि शहीद उधम सिंह राज्य चिकित्सा विज्ञान संस्थान का निर्माण दो साल के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
शाम चौरासी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार लोगों के घर-द्वार तक विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मेडिकल कॉलेज से हर साल 100 एमबीबीएस डॉक्टर तैयार होंगे और यहां एमआरआई, सीटी स्कैन और विशेष सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
श्री मान ने 9.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की आधारशिला रखी, जिससे 40 से अधिक गांवों को लाभ होगा। इसके साथ ही निर्वाचन क्षेत्र में सात नए 'हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर' भी बनाए जाएंगे। उन्होंने 99 करोड़ रुपये की लागत से बालाचौर-गढ़शंकर-होशियारपुर-दसूआ सड़क परियोजना (105 किमी लंबा कॉरिडोर) की शुरुआत की। यह सड़क चंडीगढ़, पठानकोट और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क को मजबूत करेगी और आनंदपुर साहिब और माता चिंतपूर्णी, ज्वाला जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सफर आसान बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 70 वर्षों में विपक्षी दलों ने राज्य को बेरहमी से लूटा और अपनी प्रतिगामी नीतियों के कारण पंजाब को विकास में पीछे धकेल दिया। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि 'पंजाब बचाओ यात्रा' असल में 'परिवार बचाओ यात्रा' है। उन्होंने अकालियों पर ड्रग माफिया को संरक्षण देने और राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने बादल परिवार के पूर्वजों पर अंग्रेजों का साथ देने और जलियांवाला बाग हत्याकांड के दोषी जनरल डायर को सम्मानित करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर महल तक सीमित रहने का आरोप लगाया और कांग्रेस को एक 'बंटा हुआ घर' बताया जहां कार्यकर्ताओं से ज्यादा मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।
मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि शिक्षा ही गरीबी मिटाने की कुंजी है। पहली बार किसानों को धान के सीजन में दिन के समय आठ घंटे निर्बाध बिजली दी गयी। उन्होंंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को हेल्थ कार्ड जारी किये जा रहे हैं, जिसमें10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज शामिल है। अब तक 1.65 लाख लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से 65,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गयीं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस योजना के तहत महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिये जाएंगे। इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत, लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित