धार , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के धार जिले के मनावर क्षेत्र में मान नदी पर लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित पुल का कार्य पूर्ण हो गया है। यह पुल आगामी एक अप्रैल से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण परियोजना के तहत बने इस पुल से मनावर, टोंकी, लुन्हेरा बुजुर्ग और निगरानी सहित करीब 20 गांवों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रदीप भट्ट के अनुसार मनावर से लगभग चार किलोमीटर दूर मान नदी पर बने इस पुल की लागत करीब 10 करोड़ 33 लाख रुपये है और इसकी लंबाई 255 मीटर है। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों को जोड़ने के उद्देश्य से किया गया है। पुल के शुरू होने से मनावर से टोंकी के बीच दूरी लगभग दो किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यातायात सुगम होगा और दबाव भी घटेगा। क्षेत्र में इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

विभाग के सहायक उप अभियंता सुनील ठाकुर ने बताया कि पुल का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया गया है। प्रारंभ में इस पुल पर बाइक, कार, पिकअप और ट्रैक्टर जैसे हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति होगी, जबकि भारी वाहनों के लिए फिलहाल अनुमति नहीं दी गई है। पुल के निर्माण से बारिश के मौसम में भी ग्रामीणों को नदी पार करने में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी और वर्षभर आवागमन सुचारु बना रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित