चंडीगढ़ , दिसंबर 13 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शनिवार को कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है।

जालंधर से पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल के भतीजे की बेरहमी से की गयी हत्या की निंदा करते हुए श्री शर्मा ने कहा, " एक और दिन, एक और मर्डर! पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह फेल हो गया है। जालंधर से पूर्व विधायक शीतल अंगुराल (भाजपा नेता) के भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हर दिन मर्डर, लूटपाट और गुंडागर्दी अब आम बात हो गयी है। "श्री शर्मा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब और पंजाबियों की जान-माल की रक्षा करने में नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने कहा, " मैं पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग करता हूं।" उन्होंने कहा कि यह 'बदलाव' नहीं है, यह पंजाब की बर्बादी का एक मॉडल बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित