अल्मोड़ा , जनवरी 28 -- उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिला के विकासखंड सल्ट स्थित मानिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के नये भवन की बदहाली का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने नये अस्पताल भवन में इलाज के बजाय निराश्रित पशुओं का जमावड़ा है।

यहां चार दिन पहले ठंड से एक गोवंश की मौत हो गई थी लेकिन उसका शव अभी भी भवन के भीतर ही पड़ा है। वहीं अस्पताल के सामने रथखाल बाजार को जाने वाली सड़क पर एक अन्य गोवंश के शव को कुत्ते नोचते नजर आए, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।

समाजसेवी परम कांडपाल द्वारा यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग हरकत में आए। जिला पंचायत के अपर आयुक्त धर्मेंद्र यादव के निर्देश पर सफाई कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मृत गोवंश के शव को उठाकर दफनाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शवों का निस्तारण किया जाता, तो ऐसी अमानवीय स्थिति नहीं बनती।

उल्लेखनीय है कि मानिला पीएचसी का नया भवन लगभग एक साल पहले ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) द्वारा स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया था। इसके बावजूद आज तक अस्पताल का संचालन पुराने भवन से ही किया जा रहा है। नये भवन में इलाज शुरू न होने के कारण यह परिसर लावारिस पशुओं का अड्डा बन गया है। क्षेत्र में रात के समय 50 से 100 तक निराश्रित गोवंश अस्पताल के सामने सड़क पर जमा हो जाते हैं, जिनमें से कई पशु गेट तोड़कर अस्पताल परिसर के भीतर घुस जाते हैं। इससे अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में गंदगी, गोबर और गौमूत्र का अंबार लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को बदबूदार माहौल में रहने को मजबूर होना पड़ता है।

आरडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने बताया कि लगभग 3:91 करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य केंद्र भवन और आवासीय भवनों का निर्माण किया गया है और इन्हें करीब एक साल पहले ही स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया था। बावजूद इसके भवन का उपयोग नहीं किया जा रहा, जो सरकारी धन की बर्बादी को दर्शाता है।

मानिला चिकित्सालय के डॉक्टर प्रतीक उजाला ने बताया कि नये भवन के गेट का ताला दो बार असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ा गया, जिस कारण पशु परिसर में घुस गए। फिलहाल दोनों गेटों पर फिर से ताले लगाए गए हैं और आगे ऐसी घटना होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अक्षय ने कहा कि कुछ मरम्मत कार्य शेष हैं, जिसके बाद उद्घाटन होना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित