भिवानी , अप्रैल 28 -- हरियाणा के भिवानी शहर में मानसून से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने सीवर लाइनों और बरसाती नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशों पर विभाग द्वारा मैनहोल और ड्रेनों की नियमित सफाई करवाई जा रही है, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे।

विभाग ने मैनहोल की सफाई के लिए तीन ग्रैब मशीनें लगायी हैं, जबकि सुपर सकर मशीन से प्रमुख स्थानों पर सीवर लाइनों की सफाई जारी है। फिलहाल नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय के सामने और शिक्षा बोर्ड के पास कार्य प्रगति पर है।

कार्यकारी अभियंता विकास धनखड़ ने बताया कि विकास नगर में सफाई का काम चल रहा है और जल्द ही रोहतक गेट से दादरी गेट और ढाणा रोड तक नालों की सफाई शुरू की जाएगी। इसके अलावा वार्ड-25, उत्तम नगर, तोशाम बाईपास, बैंक कॉलोनी और कृष्णा कॉलोनी में भी सफाई अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ढाणा रोड स्थित एसटीपी से घग्घर-भिवानी ड्रेन तक नाले की सफाई शुरू कर दी गयी है। विभाग का लक्ष्य है कि मानसून से पहले सभी नालों और सीवर लाइनों की सफाई पूरी कर ली जाये, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित