पटना, फरवरी 17 -- बिहार में पटना की एक विशेष अदालत ने मानव तस्करी के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला निवासी अभयनाथ दुबे और रोहित यादव तथा बिहार के मधुबनी जिला निवासी अभिरंजन कुमार को गिरफ्तार करने के बाद आज विशेष प्रभारी न्यायाधीश मधुकर सिंह की अदालत में पेश किया जहां न्यायालय ने इन तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद दो मार्च 2026 तक के लिए जेल भेजे जाने का आदेश दिया।
आरोप के अनुसार अभियुक्त भारतीय युवाओं को नौकरी के नाम पर विदेश भेजते थे जहां उनसे जाली कॉल सेंटर में साइबर फ्रॉड का काम कराया जाता था। मामले में अंतरराष्ट्रीय संलिप्तता के कारण जांच एनआईए को सौंपी गयी जो अपनी प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। पूर्व में मामले की मूल प्राथमिकी वर्ष 2024 में बिहार के गोपालगंज थाने में दर्ज की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित