मंदसौर , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह के प्रथम मंदसौर प्रवास पर जिले में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा मंदसौर, रतलाम और जावरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने दौरे की शुरुआत डॉ. सिंह ने पशुपतिनाथ शिव लोक में दर्शन कर की तथा इसके बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने जिला कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की।

बैठक में डॉ. सिंह ने सीतामऊ मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्लेट पेंसिल उद्योग से जुड़े श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों से भेंट कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। डॉ. सिंह ने कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित