चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में पदस्थ सहायक पुलिस उप निरीक्षक सूरज कुमार को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर सेवा कार्यों के लिए पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त यशवर्धन कुमार सिन्हा, एवं राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दियाकुमारी ने सम्मानित किया।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि 12 दिसम्बर को नयी दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार अधिवेशन - 2025 में मानवाधिकारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिये राजस्थान पुलिस से एक मात्र चयनित पुलिस सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार को मदर टेरेसा मानवाधिकार पुरस्कार - 2025 से सम्मानित किया गया।
सूत्रों ने बताया कि यह सम्मान उनके द्वारा समाज में मानवाधिकार संरक्षण, जागरूकता और न्याय के मूल सिद्धांतों को प्रोत्साहित करने के लिये किए गए उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया। सूरज कुमार की बेहतर पुलिसिंग के साथ समाजसेवा को सर्वोपरि मानते हुए गरीब असहायों की कानूनी मदद करने उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न अवॉर्ड एवं सम्मान से उपखण्ड, जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर करीब 400 से अधिक बार सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय सूचना आयुक्त यशवर्धन कुमार सिन्हा, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उच्चतम न्यायालय में केन्द्र सरकार के अधिवक्ता मनोज गोरकेला, गुजरात सरकार के राज्यमंत्री कौशिक वेकरिया, मानवाधिकार संरक्षण प्रकोष्ठ की अध्यक्ष विश्व प्रसिद्ध अधिवक्ता डॉ. ज्योति जोंग्लुजू मौजूद थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित