नयी दिल्ली , फरवरी 11 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा में गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-तीन इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में 11 से 14 वर्ष की आयु के पांच नाबालिग बच्चों को 18 घंटे तक बंधक बनाकर रखने और उत्पीड़न संबंधी मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है।
आयोग ने इस सिलसिले में बुधवार को गुरुग्राम पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार, ठेकेदार और उसके चार मजदूरों ने निर्माण सामग्री चुराने के संदेह में इन बच्चों को बंधक बनाया गया था। जिसके बाद पीड़ितों को निर्वस्त्र किया गया, उनका यौन उत्पीड़न करने के साथ उन्हें प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उन पर पेट्रोल भी डाला।
आयोग ने कहा है कि समाचार रिपोर्ट के तथ्य यदि सत्य हैं, तो यह पीड़ित बच्चों के मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित