मानपुर , अप्रैल 15 -- ) छत्तीसगढ़ में मानपुर जिले के अंबागढ़ चुकी पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने इस मामले में दो कर्मचारी, गाड़ी चालक और कबाड़ी सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी जानकारी आज पुलिस ने दी । आरोपियों के कब्जे से चोरी की 93 नग बैटरी और घटना में प्रयुक्त दो वाहन समेत कुल 11,21,000 रुपये का मशरुका बरामद किया गया है।

पिछले कुछ दिनों से जिले के मानपुर, खड़गांव, औंधी और कोहका थाना क्षेत्रों में स्थित जियो टावरों से बैटरियां चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। चोरी गई बैटरियों की कुल कीमत लगभग 11,70,000 रुपये आंकी गई थी।

पुलिस टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध पिकअप वाहन (सीजी 24 डब्ल्यू 9361) नजर आया। वाहन पर लिखे मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस आरोपी चालक माखन तुमरेटी तक पहुंची। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पूरे गिरोह का कच्चा चिट्ठा खोल दिया।

जांच में पता चला कि गिरोह को टावर की लोकेशन और तकनीकी जानकारी जियो कंपनी में ही काम करने वाले दो कर्मचारी हेमंत कुमार सिन्हा और भूपेंद्र रंगारी देते थे। इनके बताए लोकेशन पर मुख्य आरोपी देवराज बघेल चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

आरोपी देवराज बघेल की निशानदेही पर पुलिस ने कहडाबरी के जंगल से 93 नग बैटरियां बरामद कीं, जिनकी कीमत करीब 3,20,000 रुपये है। गिरोह इन बैटरियों को भानुप्रतापपुर के कबाड़ी वीरेंद्र नेताम को बेचता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 93 नग बैटरी जिसकी कीमत लगभग 3,20,000 रुपये, डिज़ायर कार (सीजी 08 एएफ 2151) कीमत करीब 4,00,000 रुपये, पिकअप वाहन (सीजी 24 डब्ल्यू 9361) कीमत करीब 3,30,000 रुपये, नगद राशि 30,000 रुपये और पांच मोबाइल फोन जिनकी अनुमानित कीमत 41,000 रुपये बरामद की की।

आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार सिन्हा (22 वर्ष) , भूपेंद्र रंगारी (23 वर्ष), माखन तुमरेटी (45 वर्ष), वीरेंद्र नेताम (32 वर्ष) और देवराज बघेल (30 वर्ष) के तौर पर हुई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित