अजमेर , फरवरी 11 -- राजस्थान में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होंगी।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ एवं सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया । इस वर्ष परीक्षा में 19 लाख 90 हजार 57 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। राज्य के 6194 केन्द्रों पर परीक्षा होगी।
बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109, उच्च माध्यमिक परीक्षा में नौ लाख 10 हजार नौ, प्रवेशिका में सात हजार 817 और वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में चार हजार 122 विद्यार्थी पंजीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। नकल रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, उड़नदस्तों की तैनाती एवं विशेष दलों की नियुक्ति की गई है। इस वर्ष जिलों में अभय कमांड सेन्टर से भी परीक्षाओं की निगरानी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित