प्रयागराज , दिसंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम की रेती पर तीन जनवरी 2026 से शुरु होने वाले माघ मेले को लेकर परिवहन निगम ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

सिविल लाइन बस अड्डे के पुनर्निर्माण को देखते हुए यूपी परिवहन निगम ने रोडवेज बस अड्डे को सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने शिफ्ट कर दिया है। यहां पर अस्थाई रूप से विद्या वाहिनी बस अड्डे का निर्माण किया गया है। विद्या वाहिनी बस अड्डे से महज एक किलोमीटर दूरी तय कर श्रद्धालु मेला क्षेत्र में पहुंच जाएंगे जबकि पांच किलोमीटर पैदल चलकर संगम नोज तक पहुंच जाएंगे। विद्या वाहिनी अस्थाई बस अड्डे से बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है। यहां पर रात में बसों के संचालन के लिए जहां प्रकाश व्यवस्था की गई है। वहीं अस्थाई रूप से टॉयलेट और कंट्रोल रूम का भी निर्माण किया गया है। विद्या वाहिनी अस्थाई बस अड्डे से कानपुर, लखनऊ और अयोध्या की ओर जाने वाली बसों का संचालन किया जा रहा है।

रोडवेज के ड्राइवरों और कंडक्टरों का कहना है कि अस्थाई बस अड्डे पर अभी पैसेंजर नहीं पहुंच रहे हैं जबकि लंबी दूरी की आने वाली बसें सिविल लाइन रोडवेज के बाहर से पैसेंजर को लेकर चली जा रही है। अस्थाई रोडवेज विद्या वाहिनी पर खड़ी बसों को पैसेंजर ही नहीं मिल रहे हैं। माघ मेले के मद्देनजर विद्या वाहिनी के अलावा झूंसी और नैनी में भी अस्थाई बस अड्डा का निर्माण किया जा रहा है। झूंसी में बनने वाले अस्थाई बस अड्डे से जौनपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर की बसें संचालित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित