प्रयागराज , जनवरी 24 -- प्रयागराज माघ मेला क्षेत्र में शनिवार शाम एक बार फिर एक शिविर में आग लगने से दो टेंट और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। माघ मेला क्षेत्र के तुलसी शिवाला मार्ग स्थित एक शिविर में लगी थी आग,हालांकि अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन शिविर में रखा सामान और रजाई गद्दे और दो टेंट जलकर राख हो गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि माघ मेले के सेक्टर 6 में तुलसी शिवाला मार्ग स्थित किशोरी मठ चित्रकूट धाम में आग लगी थी।वहां मौजूद लोगों ने धुआं निकलते देख इसकी सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंच कर फायर कर्मियों ने आग बुझाने का काम किया। आनन फानन में पुलिस ने वहां पहुंच कर रास्ते को बंद करवा दिया और उसके बाद जब स्थिति सामान्य हुई तो लोगों को आने जाने दिया जा रहा है। मेला में आग लगने की यह पांचवीं घटना है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित