प्रयागराज , दिसंबर 26 -- उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में तीन जनवरी 2026 से माघ मेले की शुरुआत होने जा रही है। माघ मेले में पहली बार सनातनी किन्नर अखाड़े का भी शिविर लगने जा रहा है। सनातनी किन्नर अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरी उर्फ टीना मां ने आज अपने शिष्यों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से शिविर का भूमि पूजन किया। माघ मेले में किन्नर अखाड़े का शिविर ओल्ड जीटी रोड के अलोप शंकरी रोड पर लगने जा रहा है। सनातनी किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरी उर्फ टीना मां के मुताबिक माघ मेले के दौरान उनके शिविर में सनातन को मजबूत करने और एकजुट करने के लिए कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सनातनी किन्नर अखाड़े के इस शिविर से भारत माता को हिंदू राष्ट्र बनाने और गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की भी मुहिम शुरू की जाएगी। इस मौके पर सनातनी किन्नर अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरी उर्फ टीना मां ने कहा कि पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में जिस तरह से सनातनियों की हत्या हो रही है, इसको लेकर भी शिविर में जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
टीना मां ने कहा है कि केंद्र प्रदेश सरकार से मांग की जाएगी कि बांग्लादेश के मामले में केंद्र सरकार दखल दे और हिंदुओं की हत्या और उत्पीड़न पर रोक लगाए। स्वामी कौशल्या नंद गिरी उर्फ टीना मां ने कहा है कि पूरे माघ मास में उनके शिविर में विभिन्न अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा किन्नर समाज की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां भी लगाई जाएगी। जो माघ में लेकर आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। उन्होंने कहा है कि पूरे माघ मास में किन्नर संत भी साधु संतों और कल्पवासियों की तरह ही कठिन तप और जप करेंगे। इसके साथ ही प्रमुख स्नान पर्व पर अमृत स्नान भी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित